Health

MAHARAJGANJ :मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का डिप्टी सीएमओ ने किया निरीक्षण

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : सिसवा ब्लॉक के रुदलापुर पीएचसी में रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों ने अपनी जांच करवाई। इस मेले का निरीक्षण डिप्टी सीएमओ डॉ. के. पी. सिंह ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान सिसवा सीएचसी के अधीक्षक डॉ. ईश्वर चंद और पीएचसी रुदलापुर के प्रभारी चिकित्सक डॉ. अमित कुमार भी मौजूद रहे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे मरीजों की जांच और इलाज की व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही थी। डॉ. अमित कुमार ने बताया कि दोपहर एक बजे तक 27 मरीजों की जांच की जा चुकी थी। इनमें ज्यादातर मरीज बुखार, सर्दी-ज़ुकाम और खुजली जैसी मौसमी बीमारियों से ग्रसित थे। सभी मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं और उनके स्वास्थ्य को लेकर उचित परामर्श दिया गया। डिप्टी सीएमओ डॉ. के. पी. सिंह ने मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली और चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेला जनहित में एक सराहनीय पहल है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा मिल रही है। इस मौके पर स्वास्थ्य कर्मी और आशा कार्यकर्ता भी मौजूद रहीं, जिन्होंने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी और उन्हें प्राथमिक उपचार के महत्व के बारे में जागरूक किया।

 

यह भी पढ़ें : Maharajgnj News: जिला स्वास्थ्य समिति बैठक : 5 एएनएम व 1 सीएचओ की बर्खास्तगी, कई अफसरों पर नोटिस